हरिद्वार, चमोली जिले के देवाल विकासखंड में गुरुवार शाम एक कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। देवाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर देवाल अस्पताल ले जाया गया।इस हादसे में मोहिनी देवी (42) पत्नी मानसिंह निवासी कोटरी, बसंती देवी (35) पत्नी कुंवर सिंह निवासी चौड़, भजन सिंह (62) पुत्र बादर सिंह निवासी चौड़ की मृत्यु हो गई। जबकि ज्योति (23) पुत्री गंगा सिंह निवासी कोटेड़ा और खिलाफ सिंह (65) पुत्र स्वर्गीय नारायण सिंह निवासी चौड़ गंभीर रूप से घायल हैं।पुलिस के अनुसार चौड़ से यह लोग मोपाटा किसी शादी समारोह में आए थे। वाहन चालक ने कार को ढलान पर न्यूट्रल में खड़ा कर हैंड ब्रेक लगाया था। प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि किसी व्यक्ति ने वाहन का हैंडब्रेक डाउन कर दिया गया। जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।














