हरिद्वार, ऋषिकेश में एक से सात मार्च तक अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को भव्य बनाने के लिए जोरों शाेरों से तैयारियां चल रही हैं। आयोजन में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त योगाचार्य, साधक एवं प्रतिभागी योग आसन और ध्यान विधियों का अभ्यास कराएंगे।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार उत्तराखंड को योग की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से जीएमवीएन एवं पर्यटन विभाग द्वारा एक मार्च से सात मार्च तक गंगा रिजॉर्ट, ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव में प्रतिदिन शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक नृत्यों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही अलग-अलग सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी का व्याख्यान होगा। प्रतिदिन देश-विदेश के योगाचार्य प्रतिभागियों को योग का अभ्यास कराएंगे।
गत वर्ष महोत्सव में 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने प्रतिभाग किया था। इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है। प्रतिभाग के लिए ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन भी पंजीकरण किए जा रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण gmvnonline.com पर किया जा सकता है। इस बार योग महोत्सव ग्रीन थीम पर आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव से पहले और बाद में आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है। देश-विदेश के योग साधक इसीलिए ऋषिकेश खिंचे चले आते हैं। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान में भी योग की अहम भूमिका है। इसलिए सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है।