देवबंद। पूर्व पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी (68) का लंबी बीमारी के चलते बुधवार को इंतकाल हो गया। उनका देहरादून के एक अस्पताल मे उपचार चल रहा था। उनकी मौत की खबर से राजनीतिक हल्कों और नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी जियाउद्दीन अंसारी दो बार पालिकाध्यक्ष रहे। वर्ष 2007 और वर्ष 2017 में उन्होंने बसपा के सिंबल पर नगर पालिका का चुनाव लड़ा था। करीब 22 साल तक वह बसपा में विभिन्न पदों पर रहे। पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र राणा के बेहद करीबी होने के कारण वह चार साल समाजवादी पार्टी में भी रहे। पिछले लंबे समय से गुर्दों की बीमारी से पीड़ित थे, देहरादून के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। बुधवार को उनके इंतकाल की खबर से राजनीतिक हल्कों और नगर में शोक की लहर दौड़ गई। शाम के समय दारुल उलूम की आहत-ए-मोलसरी में संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने उनकी नमाज-ए-जनाजा अदा कराई। इसके उपरांत उन्हें कब्रिस्तान गुंबद वाला में सुपूर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इन लोगों ने जताया शोक
उत्तराखंड के राज्यमंत्री शादाब शम्स, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, मंगलौर के चेयरमैन मोईनुद्दीन, जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी, पालिकाध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, पूर्व विधायक माविया अली, बसपा जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह, कार्तिकेय राणा, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, शायर डॉ. नवाज देवबंदी, हैदर अली, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर, उद्यमी अय्यूब बेग, श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा, सरदार बालेंद्र सिंह, सेठ कुलदीप कुमार, डॉ. अनवर सईद, डॉ. अख्तर सईद, शराफत मलिक, डॉ. मेघराज जरावरे, डॉ. सुभाष चंद्रा, सलीम कुरैशी, रिजवान अंसारी, डॉ. जुबैर आदि ने दुख जताया।