सहारनपुर,निहारिका बनी एक दिन की जिलाधिकारी, जनसुनवाई कर समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश

0
9

सहारनपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अन्तर्गत यूपी बोर्ड में कक्षा 12वीं की जिला टॉपर आर्य कन्या इण्टर कॉलेज की छात्रा कु0 निहारिका पुत्री संदीप कुमार, निवासी चक हरेटी ने एक दिन की जिलाधिकारी बन जिलाधिकारी के कार्यों को समझा एवं जनसुनवाई में आए लोगों की समस्याओं को सुन संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा कु0 निहारिका को पुष्प देकर सम्मानित किया गया।

जनसुनवाई में  शिकायतकर्ता द्वारा ग्राम प्रधान के संबंध में शिकायत पर जिला पंचायती राज अधिकारी को शिकायत मार्क करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। गोवंश के संबंध में शिकायती पत्र को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को मार्क किया। थाना क्षेत्र बडगांव से आई शिकायतकर्ता की पारिवारिक विवाद पर संबंधित थाना से वार्ता कर न्याय दिलाने की बात कही। एक बुजुर्ग महिला का मशीन में हाथ आने से चोटिल होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी को आयुष्मान भारत योजना से जुडे चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ - बेटी पढाओ अभियान के तहत एक दिन की नायिका कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अन्तर्गत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाली जनपद की छात्राओं को विभिन्न पदों पर एक दिन की अधिकारी बनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं का उत्साह वर्धन होता है तथा उन्हें अधिकारियों के दायित्वों एवं कार्यों को समझने का मौका मिलता है। इससे आने वाले जीवन में और अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजनों से माता-पिता को भी प्रेरणा मिलती है कि आज किसी भी क्षेत्र में लडकियां, लडकों से पीछे नहीं है। सांकेतिक जिलाधिकारी कु0 निहारिका द्वारा कलेक्ट्रेट में कार्मिकों का परिचय लेकर उनसे उनके द्वारा किये जाने वाले कार्यों की समीक्षा करते हुए सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं को जनसामान्य तक पहुँचाने हेतु उनके द्वारा क्या-क्या प्रयास किये जाने के विषय में विस्तार से जानकारी ली गयी। एक दिन की सांकेतिक अधिकारी ‘‘नायिका‘‘ नियुक्त होने पर बालिका कु0 निहारिका द्वारा हर्ष व्यक्त करते हुए बताया गया कि सरकार की इस तरह की पहल बहुत ही सराहनीय है तथा इससे महिलाओं व बालिकाओं का उत्साह वर्धन होगा तथा समाज में बालिकाओं की छवि में सकारात्मक बदलाव आयेगा, इस दौरान बालिका निहारिका काफी उत्साहित दिखी। 

कार्यक्रम के तहत सरस्वती सदन, इण्टर कॉलेज, सबदलपुर, सहारनपुर की छात्रा नूतन पुत्री योगेश कुमार, निवासी ग्राम सबदलपुर, को एक दिन की सांकेतिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर नियुक्त किया गया। बालिका नूतन पुत्री योगेश कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आशीष तिवारी द्वारा पुष्प देकर सम्मानित किया गया। बालिका नूतन द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण करने के पश्चात पुलिस लाईन में जनसुनवाई की गयी।
मुख्य विकास अधिकारी के पद पर सांकेतिक अधिकारी ‘‘नायिका‘‘ के रूप में श्री जगन्नाथ सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, गंगोह की छात्रा कु0 इशु पांचाल पुत्री नीरज कुमार, निवासी ग्राम रादौर, सहारनपुर को नियुक्त किया गया। बालिका कु0 इशु पांचाल को मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन द्वारा पुष्प भेंट कर सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी, सहारनपुर का पदभार ग्रहण कराया गया। बालिका इशु पांचाल द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात विकास भवन सभागार में जनसुनवाई की गयी। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को तत्काल निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
इसी के साथ संतोष देवी पब्लिक इण्ठर कॉलेज, बरथाकायस्थ, की छात्रा कु0 रौनक देवी को एक दिन की सांकेतिक ‘‘नायिका’’ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहारनपुर नियुक्त किया गया तथा नारायण जनता इण्टर कॉलेज, सहारनपुर की छात्रा कु0 चीनू सैनी को एक दिन की सांकेतिक ‘‘नायिका’’ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहारनपुर नियुक्त किया गया। नारायण जनता इण्टर कॉलेज, सहारनपुर की छात्रा कु0 अंशिका शर्मा को एक दिन की सांकेतिक ‘‘नायिका’’ जिला प्रोबेशन अधिकारी, सहारनपुर नियुक्ति किया गया। सांकेतिक अधिकारी तैनात किये जाने पर सभी बालिकाओ को धन्यवाद देते हुए इस प्रकार की गतिविधियों से बालिकाओं में आत्मनिर्भरता तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होने की बात कही गयी तथा कड़ी मेहनत कर भारतीय सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास कर आई0ए0एस0 बनने के बारे में कहा गया।
रिपोर्ट। रमन गुप्ता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here