हरिद्वार,हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर आज किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उत्साहजनक स्वागत किया। किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय अधिकारियों ने फूलों की माला पहनाकर, पुष्पवर्षा कर और गन्ना भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उपस्थित किसानों ने सम्मान स्वरूप उन्हें “किसान पुत्र” की उपाधि से सम्मानित भी किया।
गुरुकुल कांगड़ी विवि के खेल मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकाप्टर उतरा। जहां पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में भारी संख्या में पहुंचे जनपद के किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का फूल मालाएं पहनाकर और गन्ना भेंटकर स्वागत किया।स्वागत से उत्साहित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि पिछले दिनों हरिद्वार के किसान एवं जन प्रतिनिधि उनसे मिले और गन्ना मूल्य उत्तर प्रदेश से अधिक की मांग की।उन्होंने कहा कि मैं सैनिक और किसान परिवार में पैदा हुआ हूं, किसानों के बीच में परिश्रम करते हुए पसीना बहाते हुए आगे बढ़ा हूं, जब 2021 में मुझे प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी तो तभी से निर्णय लिया था कि उत्तर प्रदेश से गन्ना मूल्य अधिक रखेंगे। आप सभी की मांग और भावना के अनुसार, गन्ने का मूल्य 405 रुपये निर्धारण किया है
प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में भारी संख्या में आए जनपद के किसानों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में किसान हित के संवर्धन हेतु अनेक सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं और गन्ने के भाव में यह ऐतिहासिक वृद्धि किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय है। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, मेयर रूड़की अनिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष/मैलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।














