हरिद्वार,लुधियाना में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज होने पर पंजाब पुलिस की एक टीम बुधवार को हरिद्वार पहुंची। टीम ने चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को गिरफ्तार कर लिया।टीम महंत रोहित गिरी को अपने साथ ले गई है। गिरफ्तारी से हरिद्वार के धार्मिक गुरुओ में हलचल मच गई है।
श्यामपुर पुलिस के मुताबिक, लुधियाना निवासी महिला की एक वर्ष पूर्व हरिद्वार में हवन के दौरान महंत रोहित गिरी से जान-पहचान हुई थी। महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिस कारण वह हवन कराने हरिद्वार आई थी। आरोप है कि इसके बाद महंत महिला को अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल करने लगे। 14 मार्च को जब महंत लुधियाना पहुंचे तो उन्होंने महिला को फोन कर बुलाया और कार में सुनसान जगह ले जाकर छेड़खानी की। घटना की शिकायत महिला ने लुधियाना में दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर वारंट जारी हुआ।श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने पुष्टि की कि पंजाब पुलिस टीम गैर जमानती वारंट के साथ आई थी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए महंत को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी की गिरफ्तारी के दौरान उनकी पहली पत्नी भी कई लोगों को लेकर आवास पर पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। पत्नी के साथ पहुंचे लोगों ने भी हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। पहली पत्नी के अलावा उनकी दूसरी पत्नी भी है। पहली पत्नी का आरोप है कि उसका तलाक नहीं हुआ है। बावजूद इसके पति रोहित गिरी ने दूसरी पत्नी को रख लिया। अब एक और महिला के साथ छेड़खानी जैसे मामले में गिरफ्तारी भी हो गई है। मौके पर काफी हंगामा हुआ। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।