दिल्ली में चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है आपको बता दे की दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। गहलोत ने इस संबंध में सीएम आतिशी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर जानकारी दी है अब उनका यह कदम राजनीति के जानकारों को हैरान कर रहा है। गहलोत ने पत्र में केजरीवाल के पुराने बंगले में हुए विवाद सहित कई बातों पर प्रकाश डाला है।
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री का पद संभालने वाले कैलाश गहलोत ने पत्र में कई बातों का जिक्र किया है। अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि शीशमहल जैसे कई शर्मनाक और अजीबोगरीब विवाद हैं,जो अब सभी को संदेह में डाल रहे हैं कि क्या हम अभी भी आम आदमी होने में विश्वास करते हैं। अब यह स्पष्ट है कि अगर दिल्ली सरकार अपना अधिकांश समय केंद्र से लड़ने में बिताती है तो दिल्ली के लिए वास्तविक प्रगति नहीं हो सकती। मेरे पास AAP से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है और इसलिए मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कैलाश गहलोत का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि कैलाश गहलोत के खिलाफ ईडी और इनकम टैक्स के कई मामले चल रहे थे। कैलाश गहलोत के घर पर ईडी और इनकम टैक्स की कई रेड हो चुकी थी। उनके पास बीजेपी में जाने के सिवा कोई विकल्प नहीं था। ये बीजेपी का गंदा षड्यंत्र है। बीजेपी दिल्ली विधानसभा चुनाव ईडी और सीबीआई के बल पर जीतना चाहती है।
