रुड़की, रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह साल की बच्ची से दुष्कर्म

रुड़की रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्ची शाम के समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद वह सुबह बदहवास हालत में वापस लौटी। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से बरेली निवासी परिवार कलियर में हाजिरी देने के लिए आया था और रेन बसेरे में ठहरा हुआ था। मंगलवार शाम बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका पता नही चल सका। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची के परिजन लंगर लेने के लिए गए थे।

बुधवार की सुबह बच्ची बदहवास हालत में मिली। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई। जिसके बाद पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *