पंजाब , (ब्यूरो चीफ परमजीत कौर पंजाब)पंजाब में ब्लॉक समिति चुनाव की जीत का जश्न उस वक्त हिंसा में बदल गया जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. जुलूस के दौरान बहस के बाद मारपीट और फायरिंग हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना गिल क्षेत्र के बचित्तर नगर की है. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है.
यह वारदात उस समय हुई जब आप के वर्कर धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। इस वारदात में गोलियां और पत्थर लगने से पांच लोग घायल हो गए। जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान गुरमुख सिंह (65), रविन्द्र सिंह (44), गुरदीप सिंह (32), उदमवीर सिंह (25) और मनदीप सिंह (36) के रूप में हुई है। सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।घायल रविन्द्र सिंह ने बताया कि वे आप की जीत की खुशी में धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता जसबीर सिंह ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद झड़प हो गई। आरोप है कि इसके बाद पहले कांग्रेसी वर्करों ने पथराव किया और फिर सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दी। आरोप लगाया कि 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। कई लोगों के पैरों में गोलियां लगीं।
आप नेता जतिंदरपाल सिंह गाबड़िया ने कहा कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव में बचित्तर नगर से आप के उम्मीदवार सोनू गिल और सुमित सिंह खन्ना विजयी रहे थे। जीत के बाद धन्यवाद रैली निकाली जा रही थी, तभी कांग्रेस नेता जसबीर सिंह और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों के मौके से फरार होने की बात भी कही गई। घायल गुरमुख सिंह ने बताया कि हार से बौखलाए कांग्रेसी नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चलाईं। वहीं, आप वर्कर नरिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले ईंट-पत्थर चलाए और फिर पिस्टल से फायरिंग की। गुरदीप सिंह ने कहा कि गोली उनके पैर को छूकर निकल गई, गनीमत रही कि कोई बच्चा चपेट में नहीं आया।गोलियां चलने की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी और थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही समय में पूरा एरिया पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से बातचीत की और कई लोगों के बयान भी दर्ज किए। वहीं, गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना भी दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी्।

















