हरिद्वार,रुद्रपुर से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति ट्रेन में लूटपाट की वारदात हुई है। बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर दो लोगों से लाखों की नगदी लूट ली। वारदात के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने दो राउंड फायर भी किया।
उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित सिंह कालोनी निवासी व्यापारी मंदीप सिंह की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उनकी दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी रितिक मंडल और साहब सिंह आटो पार्ट्स खरीदने के लिए संपर्क क्रांति से दिल्ली के लिए निकले थे। वे दोनों रुद्रपुर में ट्रेन के कोच संख्या डी-1 में सवार हुए।
दोनों कर्मचारियों के अनुसार बिलासपुर रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले आनंदनगर के पास जैसे ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई तो तीन हथियारबंद बदमाश डिब्बे में घुस आए। उन्होंने अपने आपको पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि सूचना मिली है कि तुम दोनों तस्करी करते हो। इसके बाद तलाशी लेने के बहाने दोनों को कोच के गेट पर ले गए।
यहां दोनों कर्मचारियों की कनपटी पर तमंचा सटाकर उनके पास मौजूद लगभग ढाई लाख रुपये लूट लिए। इसी दौरान तीव्र मोड़ होने के कारण ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई तो तीनों बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। लूट और फायरिंग की घटना से डिब्बे में अफरा तफरी मच गई। डिब्बे में बैठे यात्री सहम गए।
लूट की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट मुहम्मद शारिक खान व रामपुर से जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बदमाशों की तलाश में जंगल में कांबिंग की। हालांकि, बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा
फिलहाल पुलिस पीड़ित कर्मचारियों और व्यापारी से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण की जांच पड़ताल जारी है फिलहाल पुलिस पीड़ित कर्मचारियों और व्यापारी से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़ित से बदमाशों की हुलिया के बारे में जानकारी की गई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश किया जाएगा।
