ब्यूरो चीफ परमजीत कौर पंजाब)जालंधर, 22 मई 2026:* सोशल मीडिया के जरिए पुलिस की छवि खराब करने और दिवंगत पुलिस अधिकारी के खिलाफ झूठी पोस्ट डालने के मामले में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 353(2) के तहत थाना लोहियां में FIR दर्ज की है।
*क्या है मामला*
SSP हरविंदर सिंह विरक के निर्देश पर DSP शाहकोट सरवण सिंह बैंस की अगुवाई में यह कार्रवाई हुई है। पुलिस के अनुसार शाहकोट के बरादर सिंह उर्फ संपू और गुरलाल सिंह उर्फ शेला ने सोशल मीडिया पर ASI पूरन सिंह की मौत को लेकर झूठी और भ्रामक पोस्ट डाली थी।
आरोपियों ने पोस्ट में लिखा था कि ASI पूरन सिंह लोगों पर बहुत अत्याचार करते थे और उनकी मौत की जिम्मेदारी उन्हीं पर है। इसके अलावा पोस्ट में ASI की बहन के साथ गलत व्यवहार करने का भी बेबुनियाद आरोप लगाया गया।
*पुलिस का पक्ष*
DSP सरवण सिंह बैंस ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि ASI पूरन सिंह 1990 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वे अपनी नौकरी के दौरान थाना आदमपुर, शाहकोट और महितपुर में तैनात रहे। ASI पूरन सिंह एक ईमानदार पुलिस अधिकारी थे। उन्हें अपनी ड्यूटी ईमानदारी और सूझबूझ से करने के लिए सीनियर अफसरों द्वारा 13 बार प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका था।
ASI पूरन सिंह की 18.05.2026 को मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस संबंध में थाना लोहियां में पहले ही मुकदमा नंबर 76 दिनांक 19.05.2026 को BNS की धारा 106, 281, 125(A) के तहत दर्ज किया गया था।
*पोस्ट को बताया साजिश*
DSP बैंस ने कहा कि सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट पूरी तरह झूठी है। ASI पूरन सिंह की मौत एक हादसा थी, लेकिन आरोपियों ने इसे जानबूझकर “कत्ल का रंग” देने की कोशिश की। ASI पूरन सिंह के खिलाफ उनकी तैनाती के दौरान पब्लिक की तरफ से कभी कोई शिकायत नहीं आई। वे लोक हित में रवैये वाले अधिकारी थे।
*FIR दर्ज*
इस मामले में थाना लोहियां में मुकदमा नंबर 78 दिनांक 22.05.2026 को BNS की धारा 353(2) के तहत बरादर सिंह और गुरलाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तफ्तीश कर रही है।
*पुलिस की अपील*
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें और इन्हें आगे शेयर न करें। सोशल मीडिया पर पुलिस की छवि खराब करने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा कि झूठी अफवाह फैलाने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
