हरिद्वार,देहरादून: बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल को फिर से देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार किया है. अनुराग डोभाल पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में चचेरे साले के अपहरण और उसके साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था. इस मामले में पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को आज आठ अक्टूबर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने यह कार्रवाई पांच अक्टूबर की रात हरिद्वार बाईपास रोड पर हुई घटना के मामले में की है. पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने चारों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
पुलिस के अनुसार, टी स्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने छह अक्तूबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि पांच अक्तूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया।
वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे जान से मारने के इरादे से अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) शामिल हैं। पुलिस ने विवेचना के दौरान अपहरण की धारा भी बढ़ाई थी। चारों को बृहस्पतिवार को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
