गांव हरियाबास सड़क पर बह रहा घरों का गंदा पानी, ग्रामीण परेशान

गंगलेहड़ी। थाना गंगलेहड़ी क्षेत्र के गांव हरियाबास में तालाब के अधिक भर जाने के कारण ग्रामीणों के सामने जलभराव और गंदे पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि काफी समय से सड़क पर गंदा पानी बहने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी के साथ-साथ आसपास गंदगी और दुर्गंध का भी सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि इस समस्या की जानकारी गांव के प्रधान शराफत अली को भी दी गई है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान को लेकर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों में इसको लेकर नाराजगी दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गांव में जलभराव और गंदे पानी की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए तथा तालाब की उचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है—समस्या से जनता त्रस्त है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *