हरिद्वार, सीएम योगी की मां सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया है। हरिद्वार के चंडी घाट में पूरी रस्मों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को पूरा किया गया। इसके बाद मुखाग्नि दी गई। इस दौरान सीएम योगी कई बार भावुक हो गए और आंखों से आंसू को नहीं रोक पाए। उनके छोटे बेटे ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित परिवार के सदस्य, कई नेता और साधु-संत मौजूद रहे। मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी भावुक नजर आए।
अंतिम यात्रा 11.40 बजे श्मशान घाट पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के नेताओं और साधु-संतों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। इस दौरान पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए रखा गया है। इस समय नेताओं और साधु-संतों द्वारा सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद भी इस दौरान गांव से ही अंतिम यात्रा में शामिल रहे। सीएम योगी मां को कंधा देते हुए भावुक नजर आए। बता दें कि पौड़ी गढ़वाल जिला स्थित योगी जी के पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंचने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण सहित हरिद्वार के स्थानीय नेता और उत्तराखंड भाजपा के नेताओं के साथ ही उत्तर प्रदेश के नेताओं का भी हरिद्वार चंडी घाट श्मशान पर पहुंचना जारी है।
हरिद्वार चंडीघाट पर अखिल भारतीय परिषद (निरंजनी) एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज, श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (महानिर्वाणी) के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज भी मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के ये मंत्री पहुंचे चंडी घाट
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के अलावा कई सांसद व विधायक व प्रदेश के पदाधिकारी चंडीघाट पहुंचे हैं।
