हरिद्वार, विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक संस्था शांतिकुंज के शताब्दी समारोह की रविवार से विधिवत शुरुआत हुई. बैरागी कैंप मैदान में आयोजित हो रहे शताब्दी समारोह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी शामिल हुए. ध्वज वंदन के साथ शांतिकुंज की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा एवं अखण्ड दीपक के शताब्दी समारोह का शुभारंभ किया. शताब्दी समारोह में देश विदेश से आए हुए शांतिकुंज के हजारों साधक शामिल हुए. शताब्दी समारोह 23 जनवरी तक चलेगा.
ध्वज वंदन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत आज सांस्कृतिक चेतना के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि जो भारत कभी गुलामी की मानसिकता से जकड़ा हुआ था, वह अब अपनी सनातन परंपराओं, मूल्यों और विरासत पर गर्व के साथ आगे बढ़ रहा है।
करीब डेढ़ हजार मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
समारोह के अंतर्गत त्रिवेणी संगम कार्यक्रम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में 19 जनवरी को विश्वविद्यालय का सातवां दीक्षांत समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग डेढ़ हजार छात्र-छात्राओं को स्नातक, परास्नातक और शोध उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
