हरिद्वार,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर “आतंकी” शब्द का इस्तेमाल किया था. मामले को तूल पकड़ता देख खरगे ने अपनी इस टिप्पणी पर सफाई पेश की है. जब एक पत्रकार ने उनसे इस टिप्पणी का संदर्भ पूछा, तो खरगे ने स्पष्ट किया कि उनका मतलब ये था कि प्रधानमंत्री मोदी “लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी प्रधानमंत्री को सीधे तौर पर आतंकवादी नहीं कहा. हालांकि खरगे की इस टिप्पणी पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई और पार्टी ने कांग्रेस को “अर्बन नक्सल पार्टी” करार दिया.
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया। चेन्नई में प्रचार के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए ‘आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल किया और AIADMK के बीजेपी के साथ गठबंधन पर सवाल उठाए। खरगे ने कहा कि जो पार्टी समानता और न्याय की बात करती है, वह मोदी के साथ कैसे जा सकती है। इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे माफी की मांग की, जबकि विवाद बढ़ने के बाद खरगे ने सफाई दी कि उन्होंने पीएम मोदी के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया।
अक्टूबर 2024 में कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अर्बन नक्सल’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी को ‘आतंकवादियों की पार्टी’ बता दिया था। इससे देश में भयंकर सियासी विवाद तेज हो गया था। खरगे का यह बयान उस समय आया था जब दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप चरम पर थे, और उनके इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अप्रैल 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक विवादित बयान देते हुए उनकी तुलना “जहरीले सांप” से की थी। खरगे ने कहा था, ‘पीएम मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। आप सोचेंगे कि यह जहर है या नहीं? अगर आप इसे चखेंगे तो मर जाएंगे।’ बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा पीएम को व्यक्तिगत रूप से सांप कहने का नहीं था, बल्कि बीजेपी की विचारधारा को लेकर था, लेकिन इस बयान से राजनीतिक घमासान मच गया था।
वही 2019 के लोकसभा चुनाव के समय उन्होंने एक विवादित बयान में कहा था कि अगर कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें मिलती हैं, तो क्या मोदी विजय चौक पर फांसी लगाएंगे? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए एक सभा में पूछा था, ‘मोदी जी जहां भी जाते हैं, कहते हैं कि कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। अगर कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें मिल गईं, तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक पर फांसी लगा लेंगे?’
