जालंधर, स्वतंत्रता दिवस 2026 के मद्देनज़र जालंधर ग्रामीण पुलिस ने पूरे जिले में सुरक्षा प्रबंध और सख्त कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विरक ने शुक्रवार को खुद जमीनी स्तर पर जाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
SSP विरक ने बताया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। इसी के तहत सभी 5 उप-मंडलों करतारपुर, नकोदर, फिल्लौर, शाहकोट और आदमपुर में चेकिंग अभियान तेज कर दिए गए हैं। DSP स्तर के अधिकारी खुद इन अभियानों की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने प्रमुख बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों जैसी भीड़-भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। जिले के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर नाकाबंदी करके वाहनों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
रात के समय अपराध पर रोक के लिए नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन ERV को 24 घंटे जिले भर में तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 हेल्पलाइन पर दें।
SSP ने भरोसा दिलाया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।……buro chief Paramjeet Kaur (punjab)
