मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा भारत-नेपाल सीमा पर चंपावत जिले के बनबसा में आधुनिक लैंड पोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके बनने से एक छत के नीचे सीमा सुरक्षा व व्यापार की सुविधा मिलेगी।
बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में अत्याधुनिक लैंड पोर्ट बनने जा रहा है। इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह जल्द कर सकते हैं। यह परियोजना भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस लैंड पोर्ट का निर्माण लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से किया जाएगा। बनबसा-महेंद्रनगर सीमा पर बनने वाला यह पोर्ट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें कस्टम, इमिग्रेशन, सुरक्षा जांच, कार्गो हैंडलिंग और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री ने भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए चल रहे कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।लैंड पोर्ट परियोजना के लिए केंद्र सरकार से पहले चरण में 500 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं। लैंड पोर्ट में यात्रियों, सामान की आवाजाही, कस्टम की जांच, सुरक्षा के लिए एकीकृत सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार करने में सुगमता के साथ ही सीमा की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
