शुद्धिकरण विवाद: सचिवालय कूच के दौरान गोदियाल को हिरासत में लिया, हरक सिंह की बिगड़ी तबीयत

उत्तराखंड,हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण के मामले पर विवाद बढ़ता जा रहा है। शुद्धिकरण की घटना के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन से रैली निकालकर सचिवालय कूच किया। सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाए जाने के बाद गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस ने ‘शुद्धिकरण’ के लिए जिम्मेदार दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस इस बीच गणेश गोदियाल को हिरासत में ले लिया।

पुलिस मुख्यालय कूच के दौरान मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की के बाद उन्हें सांस फूलने और घबराहट की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि सभा के बाद मैदान में कथित तौर पर शुद्धिकरण कार्यक्रम किया गया। पार्टी इसे खड़गे के साथ-साथ अनुसूचित जाति समाज का अपमान बता रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

 

सोमवार को कांग्रेस ने इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी तहरीर अभियान चलाया। अलग-अलग जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थानों, कोतवालियों और पुलिस चौकियों में शिकायतें देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

 

देहरादून में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता धारा चौकी पहुंचे। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ शिकायत दी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *