उत्तराखंड,श्री हेमकुंट साहिब की इस वर्ष की वार्षिक यात्रा 10 अक्टूबर को संपन्न होगी। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने श्रद्धालुओं से निर्धारित तिथि से पहले अपनी यात्रा पूरी करने की अपील की है। इस वर्ष 23 मई को विधि-विधान के साथ हेमकुंट साहिब के कपाट खोले गए थे और अब तक देश-विदेश से 2 लाख 38 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम के दर्शन कर चुके हैं।
वर्तमान समय में हेमकुंड घाटी फूलों से गुलजार है। वैली ऑफ फ्लावर्स में खिलने वाले सभी प्रकार के फूल यहां भी अपनी पूरी सुंदरता के साथ खिले हुए हैं। इसके साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले दुर्लभ ब्रह्मकमल भी खिले हुए हैं। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे इस सुखद और मनमोहक प्राकृतिक दृश्य का भरपूर लाभ उठाएं व प्रकृति की इस अद्भुत छटा का आनंद लें।
हेमकुंड साहिब सिख परंपरा में अत्यंत पवित्र एवं महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह धाम समुद्र तल से 15,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर सात बर्फ से ढके शिखरों और स्वच्छ हिमानी झील के मध्य स्थित है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बल, सेना, सेवादारों तथा समस्त संगत के सक्रिय सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
