उत्तराखंड,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम में उत्तराखंड से चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।गढ़वाल से सासंद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक, महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उत्तराखंड के पार्टी प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम को नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है।
भाजपा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें राम माधव, लोकसभा सांसद डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत पांडा और रेखा वर्मा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा ने विभिन्न राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिव भी नियुक्त किए हैं। नई टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को जगह दी गई है।पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, आठ राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को नई टीम में भी राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, बीएल संतोष भी राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे।
