हरिद्वार,हरिद्वार में जीएसटी का डेटा एंट्री ऑफिसर 20 हजार रुपये की रिश्वत के साथ विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उसकी फर्म हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री, जो वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है, के जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का वैट टैक्स विभाग की ओर से 1,76,000 रुपये बताया गया था।
जीएसटी कार्यालय में तैनात डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल ने एक लाख 20 हजार रुपये नकद रिश्वत की मांग की थी। आरोपी ने यह रकम किस्तों में देने के लिए कहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने जाल बिछाया और 24 फरवरी को सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 हरिद्वार कार्यालय के पास प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रमोद सेमवाल उपनल के माध्यम से पिछले करीब 18 वर्षों से सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 हरिद्वार कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुराने वैट मामलों के निपटान के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रहा था। सतर्कता अधिष्ठान द्वारा आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
