हरिद्वार,फाउंड्री गेट से भगत सिंह चौक के बीच हुए सड़क हादसे में बाइक सवार और एक चरवाहा घायल हो गए। मौके से गुजर रहे एसएसपी नवनीत सिंह ने रुककर घायलों का रेस्क्यू कराया और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को मेला अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एसएसपी नवनीत सिंह वीवीआईपी ड्यूटी की व्यवस्थाओं की जांच और डी-ब्रीफिंग के लिए जा रहे थे। इसी दौरान फाउंड्री गेट से भगत सिंह चौक के बीच सड़क पर दो लोग घायल अवस्था में पड़े मिले। पूछताछ में पता चला कि एक चरवाहा बकरियों के साथ सड़क पार कर रहा था।उसे बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल सवार का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक पास से गुजर रहे ऑटो से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार के साथ-साथ चरवाहा भी घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया और पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को मेला अस्पताल भिजवाया। चेतक पुलिस की सूचना पर घायल बाइक सवार के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
