हरिद्वार,हल्द्वानी की चर्चित ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए शनिवार देर शाम फेसबुक पर लाइव आकर सुसाइड करने की धमकी दे डाली। इसके बाद वह काठगोदाम के शीतला माता मंदिर के जंगल में पहुंच गई। मामले की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस कर ज्योति अधिकारी को बेहोशी की हालत में बरामद कर लिया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
फेसबुक लाइव पर ज्योति अधिकारी ने कहा कि उनका लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एक महिला व्लॉगर और एक कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पहले ही तहरीर दी लेकिन पुलिस ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। बाद में इन्हीं दोनों लोगों की तहरीर पर उनके और उनके पति के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कर दी गई।उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई प्राथमिकी पुलिस ने उनके खिलाफ की हैं। उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। बेटे की बोर्ड परीक्षाएं हैं और वह दहशत में है। पुलिस लगातार उनके घर पहुंच रही है। बेल बजने पर परिवार डर जा रहा है। खुलेआम उनके चरित्र का हनन किया जा रहा है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।
ज्योति अधिकारी को शीतलामाता मंदिर के जंगल से बेहोशी की हालत में पुलिस ने ढूंढा है। निजी अस्पताल में दाखिल कराया है जहां हालत सही है। मामले की जांच की जा रही है।
