हरिद्वार,लोहड़ी और मकर संक्रांति स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव को कम देखते हुए पुलिस ने यातायात रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत सोमवार रात 12 बजे से पर्व समाप्ति तक शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में भारी वाहनों को शहर की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। चीला मार्ग को ऋषिकेश से केवल एक्जिट मार्ग के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
चंडी चौक पर यातायात दबाव बढ़ने पर 4.2 डायवर्जन से वन-वे व्यवस्था लागू होगी। सामान्य यातायात को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा, जिससे शहर में वाहनों की गति नियंत्रित रहे।
टोल प्लाजा पर एक्जिट का दबाव बढ़ने पर वाहनों की निकासी नहर पटरी से कराई जाएगी। देहरादून व ऋषिकेश जाने वाली प्राइवेट बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर-नारसन-मंगलौर-कोर कॉलेज-ख्याति ढाबा-गुरुकुल कांगड़ी-शंकराचार्य चौक होकर हरिद्वार प्रवेश होगा। इनकी पार्किंग अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप, चमगादड़ टापू में रहेगी।
यातायात अत्यधिक बढ़ने पर नारसन-मंगलौर -नगलाइमरती-लक्सर-फेरूपुर-जगजीतपुर-एसएम तिराहा-शनि चौक-मात्रसदन पुलिया से होकर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
देहरादून/ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म-रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे।
लालजीवाला, पंतद्वीप, चमगादड़ टापू में पार्किंग रहेगी। नजीबाबाद व मुरादाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडी चौकी-चंडी चौक से प्रवेश करेंगे और दीनदयाल उपाध्याय व पंतद्वीप पार्किंग में खड़े होंगे
यातायात दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो व विक्रम जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे। आगे प्रवेश नहीं होगा। ज्वालापुर, बीएचईएल और कनखल की ओर जाने वाले ऑटो-विक्रम के लिए अलग-अलग डायवर्जन तय किए गए हैं। ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
