जालंधर, 1 मई 2026: डेरा बाबा मुराद शाह जी में चल रहे वार्षिक मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जालंधर ग्रामीण पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसएसपी हरविंदर सिंह विरक के दिशा-निर्देशों पर करीब 800 पुलिसकर्मी और अधिकारी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। इनमें 3 एसपी और 12 डीएसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में विशेष नाकाबंदी कर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर माउंटेड फोर्स, पीसीआर टीमें और इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की गई है। अलग-अलग मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं और हल्के, भारी व वीआईपी वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित रूट का ही उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों का सहयोग करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
ब्यूरो चीफ पंजाब: परमजीत कौर
