हरिद्वार,अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर से बुधवार को पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की। उर्मिला से इन ऑडियो-वीडियो के स्रोत और उसके पीछे की कहानी के संबंध में कई सवाल किए गए। उर्मिला अब बृहस्पतिवार को हरिद्वार में एसआईटी प्रभारी के सामने पेश हो सकती हैं। इस पूछताछ में दोनों प्राथमिकियों (नेहरू कॉलोनी और डालनवाला में दर्ज) के विवेचना अधिकारी शामिल रहे।
भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर का एक और ऑडियो सामने आया है. यह ऑडियो अब तक किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक नहीं हुआ था. ऑडियो में साफ सुना जा सकता है कि सुरेश राठौड़, उर्मिला पर दबाव बना रहे हैं कि उसने हरिद्वार में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुष्यंत कुमार गौतम का नाम क्यों नहीं लिया. ऑडियो में उर्मिला रोते हुए कहती है मेरी क्या गलती है, तुम दुष्यंत कुमार गौतम को क्यों फंसाना चाहते हो, इस पर सुरेश राठौड़ लगातार दुष्यंत गौतम का नाम लेने का दबाव बना रहा था और यहां तक कहता है कि अगर नाम नहीं लिया गया तो रिश्ता खत्म समझो.
बुधवार को उर्मिला सनावर से करीब 8 घंटे तक लगातार पूछताछ की गई. यह पूछताछ पूरी तरह ऑन कैमरा हुई. उर्मिला ने पुलिस को 30 मिनट और 48 मिनट की दो लंबी ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी हैं. इसके अलावा उसके मोबाइल से कुल 46 ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस ने कब्जे में ली हैं. पुलिस इन सभी रिकॉर्डिंग को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेज रही है ताकि यह साफ हो सके कि ऑडियो में कितनी सत्यता है और किसी तरह की छेड़छाड़ तो नहीं की गई.
हरिद्वार में अब उर्मिला सनावर से होगी पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को हरिद्वार में SIT टीम उर्मिला सनावर से आगे की पूछताछ करेगी. क्योंकि सोशल मीडिया पर VIP को लेकर मचे बबला के बाद सरकार ने एक SIT का गठन किया था. SIT यह भी जांच करेगी कि ऑडियो-वीडियो किसके इशारे पर रिकॉर्ड किए गए. उन्हें वायरल करने के पीछे की मंशा क्या थी और पूरे प्रकरण में किन-किन लोगों की भूमिका रही
