तीर्थनगरी ऋषिकेश में प्रॉपर्टी डीलरों के नाम पर चल रहे एक संगठित शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे 2021 से लगातार ब्लैकमेल, धमकी और नशीला पदार्थ देकर अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों पर केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस की ओर से साझा की गई जानकारी मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि 2021 से ही आरोपियों की ओर से उसको लगातार डराया धमकाया जाता रहा। आरोपी ब्लैकमेल कर अलग-अलग होटलों और फार्महाउसों में उसे ले गए और ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने महिला की पारिवारिक स्थिति और उसके पिता की गंभीर बीमारी का फायदा उठाते हुए उसे ब्लैकमेल करना जारी रखा।
आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर किया ब्लैकमेल
नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दरिंदगी की और अश्लील फोटो खींचे. इसके बाद कुशाग्र शर्मा (रोमी) ने उन तस्वीरों के जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू किया. उसे देहरादून और ऋषिकेश के विभिन्न होटलों में ले जाकर बार-बार दुष्कर्म किया. पीड़िता ने अब तक चुप रहने की वजह बताते हुए कहा कि आरोपी उसे बार-बार उसके बीमार पिता और उसकी इकलौती बेटी को जान से मारने की धमकी देते थे.
आरोपी पीड़िता को देते थे धमकी:पीड़िता के मुताबिक, आरोपी कहते थे कि उसके परिवार को ऐसी जगह ठिकाने लगा देंगे कि कोई ढूंढ नहीं पाएगा. आखिरकार मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने अपनी बहन को आपबीती सुनाई, जिसके बाद हिम्मत जुटाकर वो पुलिस के पास पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ़ दुष्कर्म, गलत तरीके से बंधक बनाने और धमकाने के मामले में केस दर्ज किया है.
एक आरोपी कुशाग्र शर्मा गिरफ्तार, बाप-बेटे चल रहे फरार:पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही आरोपी कुशाग्र शर्मा (रोमी) को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य फरार आरोपियों में मनजीत जौहर और मानव जौहर की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
