हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतना इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने खानपुर थाना प्रभारी दिगपाल सिंह कोहली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनकी जगह साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
खानपुर क्षेत्र में तीन दिन पहले एक नाबालिग से दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़ित परिजनों ने तुरंत स्थानीय थाना प्रभारी को पूरे मामले की जानकारी दी थी। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय ढुलमुल रवैया अपनाया, जिससे आरोपियों को फरार होने का मौका मिल गया।
सूत्रों के अनुसार, समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होने से मामला और संवेदनशील हो गया। बाद में जब यह जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, तो तुरंत कड़ा रुख अपनाया गया।
मामले की जानकारी जब वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, तो एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर तत्काल पोक्सो एक्ट सहित अन्य सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू को जिम्मेदारी सौंपी गई। सीआईयू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए इंस्पेक्टर दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर दिया है। खानपुर थाने की जिम्मेदारी अब साइबर सेल में तैनात गोविंद सिंह को सौंपी गई है। देखने में आया है कि कई वर्ष बाद इस बार किसी मामले में इंस्पेक्टर को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है, जिस कारण पुलिस महक में में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने साफ संदेश दिया है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में विफल रहने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
