उत्तर प्रदेश,समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
मिली जानकारी अनुसार सुबह करीब 6 बजे उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जायागया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई. यादव परिवार से जुड़े नेताओं, कार्यकर्ताओं और करीबियों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया.
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद प्रतीक ने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी थी।
उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय हैं और फिलहाल भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं। अपर्णा यादव अक्सर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं।
प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति में आने के बजाय बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में अपना करियर बनाया।
