हरिद्वार,उत्तराखंड में अंकिता भंडारी मर्डर केस से जुड़े कथित ऑडियो विवाद में पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. देहरादून पुलिस ने यह कार्रवाई उस मामले में की है, जिसमें एक ऑडियो क्लिप के जरिए एक बीजेपी नेता का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड से जोड़ने का आरोप लगा था. पुलिस के मुताबिक, डालनवाला थाना और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने हरिद्वार के बुग्गावाला इलाके से सुरेश राठौर को हिरासत में लिया. जिसके बाद आज उन्हें कोर्ट से जेल भेज दिया गया
मिली जानकारी अनुसार
सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद और नेहरू कॉलोनी व डालनवाला थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर ऑडियो-वीडियो वायरल किए थे, जिनमें बीजेपी नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक और छवि धूमिल करने वाली सामग्री प्रसारित की गई। इसी आधार पर कई जगह उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद देहरादून की डालनवाला पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार किया है।
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सुरेश राठौर के खिलाफ दर्ज चार एफआईआर में से दो को निरस्त कर दिया था। शेष दो मामलों में अदालत ने जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। इसी क्रम में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है। बता दें कि पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ बीजेपी से निष्कासित चल रहे हैं। सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर की ओर से कुछ ऑडियो जारी करने के बाद मामला सुर्खियों में आया।
सुरेश राठौर और उर्मिला के खिलाफ मुकदमे दर्ज
उर्मिला का दावा था कि ऑडियो अंकिता भंडारी केस से जुड़े थे। मामला सामने आते ही बीजेपी ने सुरेश राठौड़ को पार्टी से बाहर कर दिया। अभिनेत्री उर्मिला सनावर से पुलिस और एसआईटी पूछताछ कर चुकी है। इसके बाद सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ विभिन्न शिकायतों के आधार पर मुकदमे भी दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों को नोटिस जारी किए थे। बाद में कुछ मामलों में हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर राहत भी मिली थी।
