सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर में स्थित देवबंद में 17 वर्षीय किशोर शिवा की हत्या कर दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस हत्याकांड को शिवा के ही तीन दोस्तों ने अंजाम दिया। पुलिस ने FIR दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों का गुस्सा फट पड़ा। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर हाइवे जाम कर दिया
प्रदर्शनकारी सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, जब नहीं माने तो उन्हें जबरन हटाना चाहा। इस पर महिलाओं से हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे हालात बिगड़ गए। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला। लाठीचार्ज कर जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। इससे भगदड़ मच गई। 4 लोग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के सीनियर अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। भरोसा दिलाया कि मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है।
