हरिद्वार,उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश वाले होंगे. पिछले कई दिनों से लगातार कई जिलों में बारिश हो रही है. ऐसे में अब आने वाले 48 घंटे के लिए भी अलर्ट जारी होने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी विशेष एहतियात बरतनी होगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है.
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट बताया है. ऐसे में पहाड़ी राज्य में बारिश से मुसीबतें बढ़ सकती है. 9 और 10 अगस्त के लिए प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी है. लैंडस्लाइड से राज्य की 120 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं. बद्रीनाथ हाईवे और गंगौत्री हाईवे में भी लैंडस्लाइड होने से यातायात प्रभावित हुआ है. भारी बारिश के चलते उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पर भी अगले आदेश तक ब्रेक लगा दिया गया है.
11 अगस्त को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज वर्षा और बिजली गिरने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेताया है कि इस दौरान कई क्षेत्रों में गंभीर हालात बन सकते हैं। भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने से सड़कें, राजमार्ग और पुल बाधित या क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। नदियों व गदेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।
