उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए दो महत्वपूर्ण पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आयोजित वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में इसकी घोषणा की इस दौरान 14 महिलाओं को तीलू रौतेली और 35 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार दिया गया
तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि ₹24 हजार बढ़ी मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक अब वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि ₹51 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार की जाएगी। यानी पुरस्कार पाने वाली महिलाओं को पहले के मुकाबले ₹24 हजार अधिक सम्मान राशि मिलेगी। यह पुरस्कार उत्तराखंड की उन महिलाओं को दिया जाता है, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज और प्रदेश के लिए मिसाल कायम की है। पुरस्कार का नाम उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर रखा गया है, जिन्हें राज्य के इतिहास में साहस और वीरता की प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, पुरस्कार की धनराशि बढ़ावा पुरस्कार पाने वाली महिलाओं की सेवा, समर्पण और योगदान के प्रति सम्मान है। सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए अनुकरणीय उदाहरण हैं। राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं की प्रतिभा और उनके योगदान को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक राज्य की हर बहन और बेटी आत्मनिर्भर नहीं बनेगी हम चैन से नहीं बैठेंगे।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा, वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर दिया जाने वाला यह सम्मान उन महिलाओं और बेटियों के योगदान को पहचान देने का माध्यम है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। शिक्षा, खेल, कला-क्राफ्ट, समाज सेवा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं प्रदेश का गौरव हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृतिचिह्न प्रदान किए। सभी पुरस्कार विजेताओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई। समारोह में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंशी लाल राणा, गोविंद सिंह आदि मौजूद रहे।
