उत्तराखंड,उत्तराखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों के खातों में जुलाई 2026 की पेंशन राशि पहुंचा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की राशि DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। सरकार का दावा है कि पेंशन वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, ताकि बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग और अन्य पात्र लाभार्थियों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किस्त का भुगतान किया गया है। इसमें राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन्हें एसएनए स्पर्श नाम की नई प्रणाली से भुगतान मिल रहा है। जुलाई 2026 में कुल 9,87,017 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिला। कार्यक्रम में श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक संजय टोलिया, निदेशक संजय कुमार, सुंदर लाल सेमवाल, योगेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।
किस पेंशन के लिए कितनी धनराशि हुई जारी
वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये दिए गए। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये की धनराशि मिली। दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये की दर से 13.36 करोड़ रुपये वितरित किए गए। किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 3.2 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से करीब 99 लाख रुपये मिले। भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन के लाभार्थियों को भी राशि वितरित की गई।
