उत्तराखंड की गढ़वाल सीट से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी की टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार के ऊपर बोल्डर गिर गया, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हेडलाइट भी टूट गई। हादसा उस समय हुआ, जब सांसद चमोली में विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की टनल में हुए हादसे के प्रभावितों से मिलने जा रहे थे।इस दुर्घटना में सांसद अनिल बलूनी समेत वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और पीड़ितों का हाल जानने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोताघाटी के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से मलबा और एक बड़ा बोल्डर उनकी इनोवा गाड़ी पर आ गिरा। बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गाड़ी में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
हादसे के बावजूद दौरा रद्द नहीं किया, दूसरी गाड़ी से रवाना हुए- गाड़ी के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद मौके पर ही तुरंत उनके लिए दूसरे वाहन का इंतजाम किया गया। सांसद अनिल बलूनी ने इस खौफनाक हादसे के बाद भी अपना चमोली दौरा रद्द नहीं किया और दूसरी गाड़ी में सवार होकर तुरंत प्रभावितों से मिलने के लिए चमोली की ओर रवाना हो गए।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग समेत पहाड़ी मार्गों पर आवाजाही करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन और राहत दल भी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
