हरिद्वार , SSP हरिद्वार ने जन्माष्टमी और अन्य त्योहारों को देखते हुए सभी थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए है गुरुवार को जारी निर्देशों में एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की जाए। सर्राफा बाजार और अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास थाना प्रभारी विशेष निगरानी रखें। अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों के चेक-इन और चेक-आउट संबंधी रिकॉर्ड पर भी पुलिस नजर रखेगी।
मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
