हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार परिसर में नागरिकों की सुविधा के लिए आधार सेवा केंद्र संचालित किया जा रहा है। केंद्र का संचालन सीएससी (CSC) के माध्यम से किया जा रहा है, जहां लोगों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सकेगा।
आधार सेवा केंद्र पर नया आधार नामांकन, नाम, पता एवं जन्मतिथि में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट (फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस), मोबाइल नंबर एवं ई-मेल अपडेट तथा ई-आधार प्रिंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध है।
नगर निगम परिसर में आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध होने से हरिद्वार के लोगों को आधार में संशोधन अथवा अपडेट कराने के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे स्थानीय नागरिकों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।
आधार सेवा केंद्र का समय: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक।
रविवार को केंद्र बंद रहेगा।
स्थान: नगर निगम परिसर, हरिद्वार।
हेल्पलाइन: 1947
नगर निगम परिसर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आधार से जुड़ी जरूरी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
