उत्तराखंड,उत्तराखंड में पुलिस बल को मजबूत करने और महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। सीएम धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों की संख्या वर्तमान 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। इस ऐतिहासिक फैसले के तहत अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1474 अतिरिक्त पद समायोजित किए जाएंगे।
वर्तमान में जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के 526 पद हैं। इन्हें बढ़ाकर 2,000 करने से महिला आरक्षियों के पदों की उपलब्धता बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। प्रस्ताव में वर्तमान में कार्यरत 1,210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन का मुद्दा भी शामिल है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सहमति देते हुए शर्त रखी है कि अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। धामी बोले- महिला पुलिसकर्मियों का भविष्य सुरक्षित करना उद्देश्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना सरकार का उद्देश्य है।
