उत्तर प्रदेश,बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोक किसान इंटर कॉलेज, इलना के पीछे स्थित गोबर गैस के गड्ढे से पुलिस ने मानव कंकाल बरामद किया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। कंकाल की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, लोक किसान इंटर कॉलेज के छात्र पिछले तीन दिनों से कॉलेज परिसर के पीछे की ओर से लगातार तेज दुर्गंध महसूस कर रहे थे। छात्रों ने इसकी शिकायत कॉलेज के प्रधानाचार्य नानक चंद लोधी से की। शिकायत मिलने के बाद प्रधानाचार्य ने कॉलेज कर्मचारियों को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। कर्मचारी जब कॉलेज के पीछे स्थित गोबर गैस प्लांट के पास पहुंचे तो वहां से तेज बदबू आ रही थी। उन्होंने गड्ढे में झांककर देखा तो अंदर मानव कंकाल पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही औरंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मानव कंकाल मिलने की खबर पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद आसपास के कई गांवों के लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से कंकाल को गड्ढे से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके और घटना की सच्चाई सामने आ सके।
