हरिद्वार,उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में लाना शुरू कर दिया है। हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति को पार्टी चुनावी तैयारियों के शंखनाद के रूप में आयोजित करने जा रही है। जिसमें 22 नवंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कार्यसमिति में शामिल होकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।दोनों बड़ी बैठक के सम्बन्ध में सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं से सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ जुटने का भी आह्वान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन पार्टी की जीत की संभावनाओं को और भी ज्यादा प्रबल करेगा।
पार्टी मुख्यालय में हरिद्वार में होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में प्रथम दिन होने वाली संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की बैठक को लेकर उनके प्रभारियों एवं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्रियों को आवश्यक निर्देश दिए। दूसरे दिन होने वाली विस्तृत कार्यसमिति के लिए सभी अपेक्षित पदाधिकारियों, विधायकों, दायित्वधारियों, निकाय एवं पंचायत अध्यक्षों आदि निर्वाचित लोगों तक सभी जरूरी जानकारियां पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक को प्रदेश सह प्रभारी के साथ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल ने भी विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद हमने अधिकांशत: विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। हमारी सरकारों ने चाहे केंद्र में मोदी सरकार हो या प्रदेश में धामी सरकार, बहुत ज्यादा और शानदार कार्य किया है। हमें उनके कामों से प्राप्त उपलब्धियों को जोर-शोर से घर-घर पहुंचाना है। प्रदेश को विकसित बनाने के लिए हमें भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में बनानी है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से भाजपा की चुनावी रणनीति का जहाज भरेगा, जिसकी जीत की गूंज प्रदेश भर में सुनाई देगी
