हरिद्वार,प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में प्लास्टिक के कट्टे में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। करीब 35 वर्षीय महिला की हत्या दो–तीन दिन पहले होने की आशंका है, पहचान और हत्या की वजह की जांच जारी है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि बुधवार को प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में शव पड़े होने की सूचना थाना प्रेमनगर को मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव सड़ी-गली हालत में मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं। प्रेमनगर थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं। सर्विलांस से भी डाटा मिलान किया जा रहा है।
