हरिद्वार, भाजपा के पूर्व विधायक प्रणब सिंह चैंपियन अक्सर सुखियों में रहते है और आज फिर से वह सुर्खियों में आ गए खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक और कथित वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में एक पक्ष ने चैंपियन पर जातिसूचक एवं अपशब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने और महिलाओं के साथ दुष्कर्म की धमकी देने की तहरीर दी थी, जिसके बाद चैंपियन पर कार्रवाई की मांग को लेकर भीम आर्मी व अन्य संगठनों के धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामला 22 जून को हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अगले दिन फोन पर हुई बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकियां दीं।हालांकि, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पहले ही वायरल ऑडियो को एआई से तैयार और फर्जी बता चुके हैं। अब मामले की जांच पुलिस कर रही है।
बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह निवासी जोगेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 जून को वह अपने बहनोई संजीव कुमार के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोप है कि जेके टायर फैक्ट्री के सामने एक वाहन ने उनकी कार को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि वह वाहन पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का था।
फोन पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, अगले दिन उनके बहनोई के पास कोतवाली से फोन आया। इसी दौरान एक परिचित के मोबाइल से पूर्व विधायक से बातचीत हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने के साथ महिलाओं के साथ दुष्कर्म कराने की धमकी भी दी।
तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
शिकायतकर्ता ने पूर्व विधायक पर दबंगई और गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
