(ब्यूरो चीफ रजनीश दीक्षित उत्तराखंड)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्मनगरी हरिद्वार को एक नया, आधुनिक और सुरक्षित स्वरूप देने के लिए करीब ₹235 करोड़ की लागत वाली ‘गंगा कॉरिडोर’ विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास कर दिया है। सरकार का यह कदम हरिद्वार की आधारभूत संरचना को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। इस महापरियोजना के तहत हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला और उत्तरी क्षेत्र के विकास कार्यों को अब एक नई रफ्तार मिलेगी। प्रशासनिक मार्ग परियोजना समेत विभिन्न निर्माण कार्यों के शुरू होने से न केवल स्थानीय यातायात सुधरेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी भारी बढ़ावा मिलेगा।
मंगलवार को सीएम धामी ने हरिद्वार में हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 213 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें प्रशासनिक मार्ग निर्माण का भूमिपूजन, हर की पैड़ी पुनर्विकास, हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र का पुनर्विकास और रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
सीएम धामी ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसमें 43.25 करोड़ प्रशासनिक मार्ग, 66.75 करोड़ से हरकी पैड़ी व सुभाष घाट का पुनरुद्वार, 66.34 करोड़ से हरकी पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना का विकास, 58.34 करोड़ की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का पुनरुद्वार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार हरिद्वार के विकास को केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी काम कर रही है। सीएम ने कहा कि विकास कार्यों की इस गति को आगे भी जारी रखा जाएगा।
