हरिद्वार, उत्तराखंड एसटीएफ (STF) और ड्रग्स विभाग ने ‘ऑपरेशन फेक पिल’ के तहत कोटद्वार के सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित ‘नेक्टर हर्ब्स एंड ड्रग कंपनी’ पर छापा मारकर नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है。इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली दवाइयां और डाई (दवा बनाने का सांचा) जब्त करके पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया गया
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जांच के दौरान एसके हेल्थ केयर नामक फेसबुक पेज के जरिये Sun Pharma, Glenmark, Zydus, Mankind, Torrent और Macleods जैसी कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां आधे से कम दाम में बेची जा रही थीं। गिरोह उत्तराखंड समेत बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में सक्रिय था। जांच में सामने आया कि आरोपित ब्रांडेड कंपनियों की पैकिंग की हूबहू नकल कर नकली दवाइयां तैयार करते थे और उन्हें ऑनलाइन बेचते थे। कई दवा विक्रेता भी अधिक मुनाफे के लालच में इन दवाओं को खरीदकर बाजार में असली कीमत पर बेच रहे थे। लैब जांच में दवाइयां फेल पाई गईं, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। पूछताछ में गौरव त्यागी ने खुलासा किया कि रुड़की में उसकी नकली दवा फैक्ट्री पहले भी पकड़ी जा चुकी है। फिलहाल वह भगवानपुर हरिद्वार और कोटद्वार में अलग-अलग स्थानों पर नकली दवाइयों का निर्माण करा रहा था।
एसटीएफ की छापेमारी में सिगड्डी क्षेत्र में ग्रोथ सेंटर में नकली दवाओं की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी जिसे फौरन सील कर दिया गया है। एसटीएफ की टीम ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में नकली औषधियों के निर्माण में संलिप्तता की सूचना पर कोटद्वार पहुंची। टीम ने ग्रोथ सेंटर सिगड्डी स्थित एक दवा फैक्टरी में छापा मारा। टीम अपने साथ फैक्टरी में मिली दवाइयों के सैंपल व दवाइयां बनाने की डाई को अपने साथ ले गई है। साथ ही फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी गौरव त्यागी ने पूछताछ में बताया कि कोटद्वार स्थित फैक्ट्री को केवल नकली दवा बनाते समय ही खोला जाता था।
गिरफ्तार का विवरण-
1-जतिन सैनी पुत्र कैलाश निवासी बेगम सराय जिला सम्भल उत्तरप्रदेश।
2-गौरव त्यागी पुत्र जीवन त्यागी निवासी साईं लोक जीएमएस रोड देहरादून मूलपता खरखौदा मेरठ।
