उत्तराखंड,विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बड़ा बदलाव किया है. बीजेपी ने उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम को हटा दिया है. उनकी जगह राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया है. इसके अलावा सह प्रभारी भी बदला है.सांसद बांसुरी स्वराज और वरिष्ठ नेता अरविंद मेनन को उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।
दुष्यंत गौतम करीब छह साल तक उत्तराखंड के प्रभारी रहे। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर विवाद के बाद उनका नाम चर्चा में आया था। हाल ही में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिली थी। पार्टी के इस बदलाव को वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नए प्रभारी और सह-प्रभारियों के जरिए उत्तराखंड में संगठन को चुनावी मोड में और सक्रिय करने पर जोर रहेगा।भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया और संचार से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी बदलाव किए हैं। सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
राम माधव बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं एक प्रमुख राजनीतिक रणनीतिकार हैं. उनका पूरा नाम वाराणसी राम माधव है. जिनका जन्म 22 अगस्त 1964 को आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में हुआ. उन्होंने मैसूर विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर किया है. राजनीतिक सफर की बात करें तो वे कम उम्र में ही आरएसएस यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे. साल 1981 में वे आरएसएस के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बने.
साल 2003 से 2014 तक वे आरएसएस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे. जबकि, साल 2014 में उन्हें संघ से बीजेपी में प्रतिनियुक्त किया. इसके बाद साल 2014 से 2020 तक बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे. इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी की रणनीति बनाने में काफी अहम भूमिका निभाई. अभी वे अगस्त 2026 से बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं.
उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल अगले साल यानी 28 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है. ऐसे में फरवरी या मार्च 2027 में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, चुनाव आयोग आधिकारिक तारीखों का ऐलान मतदान से करीब 60 दिन पहले करता है, लेकिन उससे पहले ही जोड़-तोड़ के साथ दांव पेंच की राजनीति शुरू हो गई है. जहां बीजेपी तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने की कोशिश करेगी, तो कांग्रेस भी वापसी के लिए पूरा दम लगाएगी.
