हरिद्वार,रुड़की में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कैंटीन बंद करने के बाद घर लौट रहे संचालक को दो बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रोककर निशाना बनाया. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, गोली लगने से कैंटीन संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
मिली जानकारी अनुसार ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात वह अपनी कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगते ही अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। अब जांच का मुख्य फोकस हमलावरों की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल बाइक की जानकारी जुटाने पर है।
