उत्तराखंड,टिहरी के जौनपुर विकासखंड क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। मूसलधार बारिश के चलते भवान-नगुण मोटर मार्ग पर स्थित बिलोंदी पुल में तेज सैलाब आने से आधा दर्जन से अधिक दुकानों में मलबा घुस गया। मलबे में एक कार और दो स्कूटी भी दब गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जौनपुर क्षेत्र में दोपहर के समय हुई अनाचक तेज बारिश से अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। बिलौंदी पुल बाजार की दुकानों में पानी घुसने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे राजस्व उप निरीक्षक अब्बुज चौधरी ने बातया कि 15 मई को शाम करीब तीन-चार बजे के बीच क्षेत्र में बहुत तेज बारिश हुई। एकत्रित बरसाती पानी मलबे के साथ कुलवीर सिंह के कमरों और दुकान में घुस गया। जिससे उनका घर और दुकान में रखा काफी सामान खराब हो गया।
उन्होंने बताया कि नगुण-भवान-देहरादून पर पानी और मलबा भरने से कुछ देर अवरुद्ध हो गया। जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर रोड सुचारू की गई। राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि बरसाती पानी के साथ मलबा बिलोदी के पास और 10 दुकानों में भी घुस गया।
बताया गया कि बिलोंदी पुल में रोड पर मलबा भरने के कारण वहां से जा रहे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार वहां घंटों फंसे रहे। कैबिनेट मंत्री चौधरी उत्तरकाशी का दौरा कर देहरादून जा रहे थे।
