हरिद्वार,अंकिता हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में फंसी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर आज देहरादून में एसआईटी के सामने पेश हुई। एसआईटी उर्मिला से पूछताछ करेगी।
आज सुबह से उर्मिला सनावर अचानक सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखीं। लाइव आकर उन्होंने साफ किया कि अब वह उत्तराखंड लौटकर पुलिस की जांच में पूरा सहयोग करेंगी।
उत्तराखंड में एक बार फिर से अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदर्शन तेज हो गए हैं। राज्य के 13 जिलों में लोग VIP का नाम सामने लाने की मांग कर रहे हैं। कोटद्वार कोर्ट से अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीनों आरोपियों को सजा मिले अब सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन VIP की गिरफ्तारी की उठी मांगों ने प्रदेश की सियासत और समाज दोनों को सड़कों पर ला खड़ा कर दिया है।
अब तक पुलिस से दूरी बनाए रखने वाली उर्मिला का यह रुख उत्तराखंड के हिंदू नेता स्वामी दर्शन भारती के हस्तक्षेप के बाद बदला है। उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद उन्होंने उत्तराखंड आने का फैसला किया
उत्तराखंड में सितंबर 2022 में एक होटल में 19 साल की रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में बीजेपी के पूर्व नेता के बेटे पुलकित आर्य पर को अंकिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. निचली अदालत ने इस मामले में पुलकित आर्य और दो अन्य को उम्रकैद की सजा सुनाई है. लेकिन अभी भी ‘वीआईपी’ गेस्ट के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, जिसे लेकर विपक्ष लगातार BJP सरकार को घेर रहा है.
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी की ओर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें दोनों आरोपियों पर जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो जारी कर उनकी छवि खराब करने व दंगे फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आप को साजिश का सूत्रधार बताकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।
