कटरा स्थित माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर अचानक भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने के कारण यात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया है. हालांकि, स्थिति को देखते हुए पुराने पारंपरिक मार्ग से कुछ श्रद्धालुओं को धीरे-धीरे आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है. मौके पर पुलिस, श्राइन बोर्ड और राहत एजेंसियां मुस्तैद हैं और मलबे को हटाने के साथ स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं. श्रद्धालुओं से अपील है कि वे अफवाहों से बचें और केवल बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करें.
खराब मौसम की मार हवाई सेवाओं पर भी पड़ी। कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा दिनभर बंद रही। भवन से भैरव घाटी के बीच चलने वाली रोपवे सेवा को भी तेज बारिश और हवाओं के चलते कुछ घंटों के लिए रोकना पड़ा। राहत की बात यह रही कि शाम 5 बजे मौसम सुधरते ही रोपवे फिर शुरू कर दी गई। लेकिन खबर लिखे जाने तक हेलीकॉप्टर और बैटरी कार सेवा बंद थी।
श्राइन बोर्ड ने बैटरी कार मार्ग पर सफाई कर्मियों और आपदा प्रबंधन की टीम तैनात कर दी है। मलबा हटाने का काम लगातार चल रहा है। बोर्ड ने साफ किया कि मौसम पूरी तरह सामान्य होने और सुरक्षा जांच के बाद ही यह मार्ग दोबारा खोला जाएगा।
यात्रा को सुरक्षित रखने के लिए श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें जगह-जगह मुस्तैद हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि प्रशासन के निर्देश मानें और किसी भी परेशानी में नजदीकी सूचना केंद्र से संपर्क करें
